Wednesday, August 21, 2019

एक और कूप की ओर बढ़ता पाकिस्तान

हाल ही में पाकिस्तान ने अपने सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा को तीन वर्ष का सेवा विस्तार प्रदान किया। यह ऐसे समय पर किया गया है जब भारत और पाकिस्तान के बीच सम्बन्ध अभी तक के अपने निम्नतम दौर से गुजर रहे हैं। चूँकि वहां हमेशा से सैन्य सत्ता का बोलबाला रहा है , इसीलिये यह कहना उचित नही होगा कि वहाँ की शासन संचालन एवं अन्य नीतियों को लोकतान्त्रिक सरकार क्रियान्वित करती है।

स्वतंत्रता से अभी तक यदि पाकिस्तान में लोकतंत्र की स्थापना के छलावे को देखा जाये तो वह सच्चाई से दूर ही रहा है किस तरह से जनरल अयूब खान ने सत्ता की कमजोरी का लाभ उठाकर सत्ताधीश बन गया और पाकिस्तान की खस्ता हालात को परखे बिना भारत के साथ 1965 के युद्ध में उलझ बैठा। चूँकि भारत अपनी गलत नीतियों के कारण 1962 का युद्ध हार गया था , अतः पाकिस्तान को उम्मीद थी कि वह भी भारत को हरा सकता है परंतु तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की कर्मठता एवं दूरदर्शिता ने पाकिस्तानी सेना को नाक से चना चबाने को मजबूर किया और भारतीय सेना लाहौर तक घुस गई , परंतु शास्त्री जी के आकस्मिक निधन ने भारत को झुकने के लिए मजबूर किया । अन्यथा आज कश्मीर ही नही लाहौर भी अपना होता ।

यही स्थिति कारगिल युद्ध के समय उत्पन्न हुई जब तत्कालीन पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को सेना प्रमुख परवेज़ मुशर्रफ ने अपदस्थ करके सत्ता को हथिया लिया। उसके बाद उन्होंने वाजपेयी जी के साथ धोखा करके सियाचिन जैसे सामरिक स्थिति को कब्जा करने का असफल प्रयास किया , जिसको भी हमारे जांबाज बहादुरों ने मुहतोड़ जवाब देते हुए असफल किया । परंतु वाजपेयी जी को गहरा दुख पहुंचा क्योंकि वे शांति का पैगाम लेकर बस से लाहौर गये थे परंतु बदले में उन्हें कारगिल युद्ध मिला।

वर्तमान परिप्रेक्ष्य में भी कमोबेश वैसे ही परिस्थितियां निर्मित हो रही हैं जब जनरल बाजवा अपने शक्ति प्रयोग में चरमोत्कर्ष पर है । वे उरी से लेकर पुलवामा और अब सेना द्वारा किये जा रहे सीजफायर का उल्लंघन , साथ ही इमरान खान की सरकार का सेना की कठपुतली बनना जिसमे उन्हें सभी प्रकार से दोषी सिद्ध करना भी शामिल है , पाकिस्तानी सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए उपयुक्त माहौल का निर्माण हो रहा है। विपक्ष भी इसमें सोने में सुहागा का कार्य कर रहा है । इमरान खान मजबूर नजर आ रहे हैं , वे इस कदर विवश हैं कि उन्हें कुछ समझ नही आ रहा है कि इस तरह की भयावह स्थिति से आखिर कैसे बच कर निकला जाये ?

यदि भविष्य में पाकिस्तान की सत्ता पर सेना का राज आता है , वर्तमान सरकार को अपदस्थ किया जाता है तो भारत को इससे सीख लेते हुए तैयार रहने की जरूरत है क्योंकि जब भी सेना का वर्चस्व बढा है पाकिस्तान युद्ध की ओर गया है , चाहे परिस्थितियां जैसी रही हो। यदि भविष्य में युद्ध जैसे घटनाएं होती हैं तो उससे नुकसान दोनों देशों को ही नही वरन पूरे इस क्षेत्र को होगा परंतु एक बात साफ है कि इस बार पाकिस्तान का अस्तित्व खतरे में पड जायेगा।वहां उठ रहे अलग - 2 क्षेत्रों में स्वतंत्रता की मांगों को मजबूती मिलेगी और पाकिस्तान का कई टुकड़ों में बंटना निश्चित है।

अतः वर्तमान समय में पाकिस्तान को धैर्य पूर्वक कार्य करने की जरूरत है जिससे वहां पर अमन और शांति का माहौल बन सके एवं विकास की धारा बहने का वातावरण निर्मित हो सके।

आशा करता हूँ कि पाकिस्तान इस सच्चाई को समझेगा।

जय हिंद 🙏🇮🇳🙏

1 comment:

  1. Achha written kiya aur achha analysis bhi kiya hai past present future sabhi ka

    ReplyDelete