Saturday, December 28, 2019

पश्चिमी जगत में भारत की धर्म निरपेक्षता को लेकर नई बहस

आज कल पश्चिमी जगत में भारत की धर्मनिरपेक्षता को लेकर बड़ी बहस जारी है। वहां पर बड़े -2 अख़बारों में डिक्शनरी से नए -2 शब्दों को इजात किया जा रहा है ताकि भारत की धर्मनिरपेक्षता को धब्बा लगाया जा सके।वे लोग ऐसा क्यों कर रहे हैं क्योंकि उनको लगता है कि वर्तमान सरकार आधुनिकता को छोड़कर , हिंदुत्व की प्राचीन परंपरा को आगे बढ़ाना चाहती है।वे ऐसा कहने और करने से पहले यह भूल जाते हैं कि डिक्शनरी के शब्द 'सेकुलर' का आविर्भाव कही 100 या 200 वर्ष पहले हुआ होगा पंरन्तु भारत की धर्मनिरपेक्षता 5 हजार वर्ष से भी प्राचीन है। आज इन्ही मुद्दों पर कुछ तार्किक जवाब देने का प्रयास किया जायेगा।

सबसे पहले तो यह जानना जरूरी है कि धर्मनिरपेक्षता का मतलब क्या होता है ? इसका अर्थ है कि राज्य या समाज कोई ऐसी नीति या कानून नही बनायेगा जिससे किसी समुदाय विशेष की धार्मिक भावना को आहत पहुंचे या फिर किसी धर्म विशेष को आह्लादित किया जाये। अथवा ऐसा राज्य जो सर्वधर्म संभाव की नीतियों को मानता हो और उसका अपना कोई विशेष धर्म न हो। अथवा राज्य न तो किसी की धार्मिक गतिविधियों में हस्तक्षेप करे और न ही समर्थन करे। अर्थात राज्य सभी की धार्मिक भावना को समान महत्व देते हुए , उनकी रक्षा करने का प्रयास करे।

हमारे यहां धर्म निरपेक्षता की परंपरा अति प्राचीन है जिसमें आधुनिकता को कम महत्व नही दिया गया था। सिंधु सभ्यता के प्राप्त अवशेषों से यह पता चलता है कि जिस तरह की आधुनिकता हमारे यहां आज से लगभग 4 हजार वर्ष पहले थी , शायद पश्चिमी देशों में आज भी न हो। फिर ऐसा कहना कि हम आधुनिकता को छोड़कर प्राचीन परम्परा की ओर अग्रसर है ; यह ठीक वैसा ही तर्क है कि दिन में सूर्य के प्रकाश के चमक से अच्छा रात में जगनेटर का प्रकाश है। कुछ तथाकथित धर्मनिरपेक्ष लोग हिंदुत्व शब्द को बदनाम करने की साजिश में लगे हैं। वो ऐसा करने से पहले माननीय सर्वोच्च न्यायालय के उस निर्णय को भूल जाते है जिसमे कहा गया था कि हिंदुत्व ' जीवन जीने का एक तरीका है' अर्थात हिंदुत्व को हमेशा बहुसंख्यक से जोड़ना माननीय न्यायालय के निर्णय की आलोचना करना है।

धर्मनिरपेक्षता शब्द इस देश की रग -2 में रचा - बसा हुआ शब्द है। इसको हमें पश्चिमी जगत से सीखने की जरूरत नही है।हमने अपने यहाँ सबको स्वीकार किया है चाहे वह शक हो , कुषाण हो , अरबी हो , तुर्की हो , मुगल हो या फिर यूरोपियन देशों के लोग हों। पंरन्तु वो आप थे जो शरण पाने के बाद पीछे से प्रहार करके और यहाँ की सभ्यता से छेड़ - छाड़ करने का प्रयास किया । आपने इस देश को आर्थिक रूप से ही नही लूटा था पंरन्तु मानसिक लूट करने में भी सफल रहे थे जिसकी कुछ गन्ध आज भी महसूस की जाती है जब एक तथाकथित व्यक्ति पत्रकारिता के परचम को सिर पर रखकर न्यूयार्क टाइम्स , बीबीसी , डॉन और अल जजीरा में इस देश की आलोचना करते हुए थोड़ी भी शर्म महसूस नही करता है।

आप धर्म निरपेक्षता का पाठ भारत को पढ़ा रहे है जब देश का प्रधानमंत्री गंगा आरती करता है , केदारनाथ की गुफा में ध्यान लगाता है और विदेशी यात्रा के समय भी मंदिरों में पूजा करके देश और दुनिया की खुशहाली हेतु याचनाएँ करता है। आप बताओ जब अमेरिका का राष्ट्रपति व्हाइट हॉउस में खुले आम 'मेरी क्रिसमस' सेलीब्रेट करता है और ब्रिटेन , कनाडा सहित अन्य देश के राष्ट्राध्यक्ष चर्च जाते है या फिर इस्लामिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष मस्जिदों में नमाज़ अदा करने जाते है और संबोधन से पहले 'अल्लाह को नमन करते है' , वो धर्मनिरपेक्षता है ? अगर सबसे ज्यादा कोई धर्मनिरपेक्षता की खुलेआम धज्जी उड़ा रहा है तो वो आप लोग है। भारत जैसे देश पर प्रश्नचिन्ह लगाने से अपने अंदर की बुराई को समाप्त करना चाहिए। हमें यह जानना चाहिये कि राज्य के धर्म और व्यक्ति विशेष के धर्म में अंतर होता है। 

हमारे देश के भी कुछ लोग राजनीति को चमकाने हेतु खुलेआम धार्मिक भावनाओं को आहत करते है तब उनको धर्मनिरपेक्षता समझ में नही आती है पंरन्तु जब कोई सच में धर्मनिरपेक्षता को मजबूती प्रदान करता हो तब हाय तौबा मचाना शुरू कर देते है। जैसे स्वतंत्रता उपरांत हिन्दू कोड बिल लाया गया जिसको पास कराने के लिए कुछ लोगो ने अपनी प्रतिष्ठा लगा दी पंरन्तु तीन तलाक के मुद्दे पर 1986 ईस्वी में न्यायालय के आदेश को पलट दिया गया। तब वह तुष्टिकरण नही था ? सबको पता है कि संविधान में अनुच्छेद 29 और 30 अल्पसंख्यकों के हितों को संरक्षित करने की बात करता है पंरन्तु उसी संविधान में अनुच्छेद 25 और 26 भी दिया गया है। इसी देश में मस्जिद , मदरसा , चर्च में धार्मिक शिक्षाएं दी जाती है जोकि संविधान सम्मत है ।विभिन्न धर्म के लोग अपने धर्म को बढ़ाने हेतु कन्वर्जन और सभाएं आयोजित करते है वो संविधान सम्मत है। पंरन्तु जब आरएसएस अपनी शाखा आयोजित करता है और गरीबों को शिक्षा देकर उनके बौद्धिकता का विकास करता है तो वह संविधान और सेकुलरिस्म के खिलाफ हो जाता है। अतः चुनिंदा चीज़ों को संकीर्ण मानसिकता से देखने के बजाय सभी चीजों को व्यापक परिप्रेक्ष्य में देखना चाहिए।

जब कारसेवकों पर एक धर्म विशेष को निशाना बनाने के लिए गोली चलाने का आदेश दिया जाता है और बाद में उसको समर्थन भी दिया जाता है तो वह क्या कहलाता है ? 1990 के दशक में जब रातों रात 5 लाख से अधिक गैर -  मुस्लिमों को जम्मू और कश्मीर से जाने के विवश किया जाता है तब किसी के अंदर मानवता जिन्दा नही रह गयी थी ? जो लोग यह कहते है कि आतंकी गरीबी , प्रताड़ना और भेदभाव से बनते है , उनके लिए जीता जागता उदाहरण है कि इतनी यातनाओं को सहन करने के बाद भी उनमे से किसी ने बंदूक नही उठाया क्योंकि उनको इस देश की मिटटी से प्यार था। जब NRC और NPR की बात पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा किया जाता है तो वह देशहित में था पंरन्तु जब इस सरकार द्वारा उसको पूर्ण करने का प्रयास किया जाता है तो वह संविधान के खिलाफ हो जाता है। ऐसी डबल स्टैंडर्ड की राजनीति को बहुत ज्यादा आगे नही ले जाया जा सकता है। लोगों को लामबंद किया जा रहा है ताकि अपनी राजनितिक रोटी सेंकी जा सके। यह धर्मनिरपेक्षता को बढ़ावा देता है ?


आज भी कुछ लोगों को गले नही उतर रहा कि इस देश का बंटवारा धर्म के आधार पर हुआ था।ये तो हमारी महानता है कि उसके बाद भी हमने अपने प्राचीन मूल्यों को नही छोड़ा और धर्मनिरपेक्ष देश बने जहाँ पर सभी लोग बिना किसी भेदभाव के रह सकते हो।अन्यथा अल्पसंख्यकों की वास्तविक स्थिति पडोसी देशों में देखी जा सकती है। आज कुछ लोगों की रातों की नींद इसलिए हराम हो रही है क्योंकि अब लोग राष्ट्र नीति और तुष्टिकरण की नीति में अंतर को समझने लगे , जिससे हमारी धर्मनिरपेक्षता की नीति को और भी मजबूती मिल रही है। हम यह नही कह रहे है कि सरकारें जो भी करती है वह सब सत्य होता है पंरन्तु अगर विरोध करना हो तो आपके पास तार्किक जवाब होने चाहिए , विरोध संविधान की मर्यादाओं के अंदर होना चाहिए। विरोध के नाम पर देश की छवि को बिगाड़ने की अनुमति नही होनी चाहिए। विरोध के नाम पर देश के बाहर गलत सन्देश नही जाना चाहिये।


उपरोक्त आलेख में हमने विभिन्न पक्षों को समाहित करते हुए धर्मनिरपेक्षता की वास्तविक छवि को निकालने का प्रयास किया है। हमने इसके लिए उदाहरण भी दिए है और कुछ पूर्व में की गयी भारतीय राजनीतिक दलों की गलतियों को उजागर करने की कोशिश की है क्योंकि सेकुलर का मतलब किसी के साथ भेदभाव नही होना चाहिए। पंरन्तु बिना जाने किसी चीज़ के बारे में अच्छे से , प्रदर्शन और हड़ताल करना भी संविधान सम्मत नही है। हम सबका ये कर्तव्य बनता है कि समय -2 पर वास्तविकता को सबके सामने लाने का प्रयास करना चाहिए। उससे हमारी पहचान और देश का कद वैश्विक स्तर पर दोनों एक साथ बढ़ेगा।

जय हिन्द 🙏🇮🇳🙏