Thursday, January 2, 2020

वर्ष 2019 की प्रमुख यादें

वर्ष 2019 को व्यतीत हुए अभी कुछ ही दिन हुए है एवं हम लोग जीवन के एक नए संघर्ष और लक्ष्य के प्रति अग्रसर है। पंरन्तु यह जानना आवश्यक हो जाता है कि व्यतीत हुए वर्ष का हमारे देश के लिए व विश्व समुदाय के लिये किस तरह रहा है ? इससे हम 2019 के वास्तविक विश्लेषण को धरातल पर उतारने का प्रयास तो करते ही है , साथ में नए वर्ष में उसको सुदृढ़ एवं दीर्घोन्वेशी बनाने का प्रयास भी करेंगे। व्यतीत हुए वर्ष की ऐतिहासिक घटनाओं को रेखांकित करने का प्रयास करेंगे। सर्वप्रथम वैश्विक स्तर की ऐतिहासिक घटनाओं को व उनके प्रभावों को देखेंगे ;

1- वैश्विक स्तर पर सबसे महत्वपूर्ण और ज्वलंत मुद्दा रहा अमेरिका और चीन के मध्य बढ़ता व्यापार युद्ध। इसके तहत दोनों देशों एक दूसरे के यहाँ से निर्यात की जा रही वस्तुओं पर टैरिफ लगाये ताकि अपने हितों को प्राथमिकता दी जा सके। इस व्यापार युद्ध को इतिहास का सबसे बड़ा व्यापार युद्ध कहा गया जिसमे चीन को लगभग 375 बिलियन अमेरिकी डॉलर का लाभ प्राप्त था। कई बार समझौते हुए पंरन्तु इसका परिणाम 2020 में आएगा।

2- अमेरिका और ईरान के बीच भी स्थिति चिंताजनक हो गयी थी जब ईरान की रिवोलुशनरी कोस्ट गॉर्ड ने अमेरिकी ड्रोन को मार गिराया था। उस समय ऐसा महसूस किया जा रहा था कि शायद ईरान पर अमेरिका आक्रमण कर दे । पंरन्तु उत्पन्न परिस्थितियों ने ऐसा न करने पर विवश किया तथा इसके एवज में अन्य तरह से प्रतिबंधों को लगाया गया। इसके अलावा इस्लामिक स्टेट का सरगना अबूबकर को अमेरिका द्वारा मारा जाना भी बड़ी घटना थी।

3- मध्य - पूर्व की अन्य बड़ी घटनाओं में हूती द्वारा सऊदी अरब के प्रमुख तेल कारखाने पर आक्रमण करना भी बड़ी घटना थी क्योंकि इससे यह चिंता होने लगी थी कही इससे तेल के निर्यात में बाधा न उत्तपन्न हो जाये , पंरन्तु ऐसा नही हुआ। उसके अतिरिक्त ईराक में अमेरिकी दूतावास पर आक्रमण भी भयभीत करने वाली घटना थी। अफगानिस्तान में हुए राष्ट्रपति चुनाव क्लियर परिणाम नही दे सके । साथ ही लगातार तालिबान की शक्ति बढ़ने से , अस्थिरता अभी भी व्याप्त है ।

4- यूरोप में ब्रिक्सिट सबसे ज्वलंत मुद्दा रहा जिसके लिए नियत तारीख को आगे बढ़ाना पड़ा । ब्रिक्सिट के प्रबल समर्थक बोरिस जॉनसन को संसद भंग करने का प्रस्ताव लाना पड़ा और पुनः चुनाव हुए। जिसमे उनकी पार्टी को अभूतपूर्व सफलता मिली । अब यह लगभग निश्चित है कि नए वर्ष में ब्रिटेन , यूरोपियन यूनियन से अलग हो जाये। इसके अतिरिक्त क्रिकेट का जन्मदाता कहा जाने वाला देश इंग्लैंड पहली बार एकदिवसीय क्रिकेट विश्वकप जीतने में सफल रहा। 

5- दक्षिण अमेरिका में अमेज़ॉन के वनों में आग काफी सुर्ख़ियों में रहा क्योंकि जैव विविधता की दृष्टी से वह क्षेत्र बहुत संवेदनशील माना जाता है। चिली में सरकार विरोधी प्रोटेस्ट न्यूज़ में रहा जिसके कारण पूर्व निर्धारित UNCCC की बैठक को स्थान्तरित करके स्पेन में आयोजित किया गया। इसके अलावा वेनेज़ुएला , इक्वेडोर में अस्थिरता भी लगातार चलती रही।

6-  उत्तर अमेरिका में कनाडा में चुनाव हुआ जिसमे लिबरल पार्टी की सत्ता में वापसी हुई ट्रूडो पुनः प्रधानमंत्री बने पंरन्तु पहले से उनकी संख्या में कमी हुई साथ ही अभी तक संसद में पश्चिमी प्रान्तों का रहा दबदबा भी कम हुआ। अमेरिका में ' अमेरिका फर्स्ट' छाया रहा । डोनाल्ड ट्रम्प की वायरल हुई एक टेप से उनके खिलाफ डेमोक्रेटिक पार्टी ने महाभियोग प्रस्ताव लाया जोकि विचाराधीन है। इसी वर्ष अमेरिका में राष्ट्रपति का चुनाव भी होना है।इसके अलावा डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा ग्रीनलैंड द्वीप को खरीदने की बात करना न्यूज़ में रहा। मैक्सिको में स्थिरता का दौर रहा और विकासगति को बनाये रखा।

6- पूर्वी एशिया में उत्तर कोरिया व दक्षिण कोरिया के बीच शान्ति स्थापना के प्रयास तो जारी रहे पंरन्तु उत्तर कोरिया के तानाशाह लगातार न्यूक्लियर हथियारों का जखीरा बढ़ाता आया है जिससे शांति स्थापना में बहुत उम्मीद नही नजर आ रही है। दक्षिण कोरिया और जापान के बीच भी मतान्तर उभरे है जिससे उस क्षेत्र में भी गतिविधियां तेज हुई है। आसियान देशों में कमोबेश स्थिरता का माहौल रहा । म्यांमार में रोहिंग्या मुसलमानों को लेकर जरूर कुछ सुगबुगाहट रही।

7- अफ्रीका महाद्वीप में भी खींचतान नजर आयी विशेषकर स्वेज नहर और नील नदी के आसपास। दुःख की बात ये रही कि 2019 में भी संयुक्त राष्ट्र संघ ने सुरक्षा परिषद् में अफ्रीका के प्रतिनिधित्व को समावेशी न बना सका । इसके अलावा मानवीय विकास , गरीबी , अशिक्षा एवं बेरोजगारी आज भी प्रमुख मुद्दा रहा। नृजातीय हमले और असुरक्षा का अभी भी कोई पुख्ता इंतजाम नही हो सका है। वहां के प्राकृतिक संसाधनों का दोहन , अपने हितों की पूर्ती हेतु उनका उपयोग तक ही अफ्रीका को सीमित करने का प्रयास किया गया है।

इसके अलावा आतंकवाद , गरीबी , अशिक्षा , भुखमरी और जलवायु परिवर्तन का ठोस विकल्प 2019 में भी नही तलाशा जा सका। न्यूजीलैंड में एक मस्जिद में हुए हमले से आतंकवाद ऑस्ट्रेलियाई महाद्वीप में भी चर्चा का विषय रहा ।

अब हम कुछ भारत के अंदर हुयी घटनाओं का उल्लेख करना चाहेंगे ;

1- वर्ष 2019 के शुरुआत में ही पुलवामा (जम्मू कश्मीर) में आतंकवादी हमला हुआ जिसमे 44 जवान शहीद हो गये । भारत में इसको लेकर आक्रोश चरम पर था जिसके बाद भारतीय वायुसेना ने बालाकोट में एयर स्ट्राइक किया , जिससे दोनों देश आमने - सामने आ गये। एक समय तो ऐसा लग रहा था कि युद्ध हो सकता है पंरन्तु बुद्धिमत्ता का परिचय देते हुए उसे टाला जा सका। मार्च महीने में भारत ने मिशन शक्ति का सफलतम परीक्षण किया , ऐसा करने वाला भारत दुनिया का चौथा देश बन गया।

2- अप्रैल - मई में जनरल इलेक्शन में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन पुनः (पहले से ज्यादा मजबूती के साथ - भाजपा -303 सीटें जबकि गठबंधन - 353 सीटें) सत्ता में वापसी करने में सफल रहा और देश 15वें प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने 30 मई को शपथ लिया। प्रधानमंत्री ने दूसरे कार्यकाल हेतु अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए मालदीव को चुना । इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारत अपने पड़ोसियों को कितना महत्व देता है ? जुलाई महीने में चंद्रयान -2 को चांद के आंतरिक भाग को जानने हेतु इसरो द्वारा भेजा गया था पंरन्तु 7 अगस्त को लक्ष्य से 2.1 किमी पहले मिशन विफल हो गया।

3 - 2019 में ही दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना (सरकार द्वारा चलाई गयी) प्रधानमंत्री जन आरोग्य का शुभारंभ हुआ। इसी वर्ष सरकार ने माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए मुस्लिम महिलाओं के साथ हो रहे भेदभावों को समाप्त करते हुए , तीन तलाक से सम्बंधित कानून पास किया। सरकार ने 5 अगस्त , 2019 को जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 एवं 35 A को समाप्त करने का कानून लाया और जिसे पास करने के बाद 70 वर्षों से चले आ रहे अस्थाई कानून को इतिहास बना दिया गया। उसके तहत जम्मू कश्मीर का बंटवारा भी हुआ दो केंद्रशासित प्रदेश के रूप में ; जम्मू कश्मीर और लद्दाख।
उससे अब सभी कानून एवं योजनाएं वहां पर लागू होंगी जिसको भारत सरकार द्वारा बनाया जायेगा। अगस्त महीने में ही भारत के दो कद्दावर नेता पूर्व विदेश मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज और पूर्व वित्त और रक्षामंत्री श्री अरुण जेटली का निधन भी हो गया।

4- नवंबर महीने में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा अयोध्या मामले पर ऐतिहासिक फैसला सुनाया गया जिसके तहत विवादित सम्पूर्ण जमीन को हिन्दू पक्ष को देने का आदेश पारित हुआ। इसके अलावा मुस्लिम पक्ष को 5 एकड़ जमीन मस्जिद निर्माण हेतु शहर के दूसरे भाग में देने की बात हुई। माननीय न्यायालय ने केंद्र सरकार को रामजन्मभूमि ट्रस्ट 3 माह के भीतर बनाने का आदेश दिया जिसके तहत भव्य राममंदिर का निर्माण हो सके। यह मामला स्वतंत्रता के बाद से लंबित था जबकि मंदिर को तोड़कर मस्जिद बनाने की घटना 1526 के आसपास घटित हुयी थी।

5- दिसंबर महीने में सरकार द्वारा नागरिकता संशोधन कानून को सन्सद से पारित कराया गया जिससे तीन देशों से (पाकिस्तान , अफगानिस्तान और बांग्लादेश) आये प्रताड़ित अल्पसंख्यकों को नागरिकता प्रदान की जा सकेगी। उनमे हिन्दू, बौद्ध , सिख , जैन , ईसाई और पारसी शामिल है। सरकार द्वारा तर्क दिया गया कि चूँकि ये इस्लामिक देश है अतः ऐसी संभावना न के बराबर है कि वहां पर मुस्लिमो का शोषण धार्मिक आधार पर हुआ है। इसके विरोध में कुछ तथाकथित सेकुलर लोग सड़कों पर भी आये पंरन्तु जल्द ही शांत हो गये।

निष्कर्ष में यह कहा जा सकता है कि वर्ष 2019 बहुतों के लिए गम देने वाला वर्ष रहा पंरन्तु बहुतों के लिए नई आशा की किरण बनकर आया। हम आशा करते है कि वर्ष 2020 सभी के लिए ढेर सारी खुशियां लेकर आये। सबके परिवार में खुशियों का माहौल रहे , सभी लोग अपने - 2 लक्ष्यों को प्राप्त करे , सभी लोग एक दूसरे की चिंताओं का ध्यान रखे , सभी लोग मानवता पर बल दे , सभी लोग आपसी भाईचारा बनाये रखने में एक दूसरे की मदद करे और इस मानवरूपी जीवन को उत्साहों से भरने का प्रयास करे , ऐसी हमारी मनोकामना है।

जय हिन्द 🙏🇮🇳🙏

2 comments:

  1. Bhut achha bhaiya ji aap ne likha atulniye

    ReplyDelete
  2. New year mai previous year ka bahut achha analysis kiya gaya hai.

    ReplyDelete